फरीदाबाद में BPTP बिल्डर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन:सीवरेज की समस्या को लेकर ऑफिस पहुंचे लोग, बोले-गंदे पानी से निकलना पड रहा

फरीदाबाद में BPTP बिल्डर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन:सीवरेज की समस्या को लेकर ऑफिस पहुंचे लोग, बोले-गंदे पानी से निकलना पड रहा

ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-85 स्थित बीपीटीपी डिस्ट्रिक्ट सी-ब्लॉक के निवासियों ने रविवार को सीवर व्यवस्था की बदहाल स्थिति के विरोध में बीपीटीपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई बार शिकायतें देने के बावजूद उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई स्थानीय निवासी भूपेंद्र डागर ने बताया कि फ्लैट खरीदते समय बिल्डर की ओर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के कई वादे किए गए थे, लेकिन आज भी लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये मूल्य के फ्लैट होने के बावजूद क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और जगह-जगह गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। मुख्य लाइन से उचित कनेक्शन नहीं निवासियों के अनुसार सीवरेज लाइन का मुख्य लाइन से उचित कनेक्शन नहीं है। इसी कारण समय-समय पर टैंकरों के माध्यम से सीवर खाली कराया जाता है, लेकिन कुछ दिनों बाद समस्या फिर से गंभीर रूप ले लेती है। लोगों का कहना है कि हालात ऐसे हो गए हैं कि उन्हें गंदे पानी से होकर अपने घरों तक पहुंचना पड़ रहा है। मेंटेनेंस शुल्क के नाम पर वसूल रहे मोटी रकम प्रदर्शन में शामिल साकेत कुमार ने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस शुल्क के नाम पर प्रत्येक फ्लैट से हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ फ्लैटों पर ढाई हजार रुपये तक मासिक मेंटेनेंस चार्ज लिया जा रहा है, लेकिन इसके बदले आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से निवासी अपनी समस्याओं को लेकर लगातार बीपीटीपी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निवासियों ने मांग की है कि सीवरेज समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। वहीं इस मामले में बीपीटीपी प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए स्टेट मैनेजर विकास से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *