लुधियाना के प्रीत पैलेस के पास एक तेज रफ्तार एसयूवी ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। करीब 3:15 बजे हुए इस खौफनाक सड़क हादसे की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। गनीमत यह रही कि इस भयंकर हादसे में एक राहगीर की जान बाल-बाल बच गई, वरना कोई बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। CCTV में कैद हुआ वीडियो सामने आई सीसीटीवी तस्वीरों में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर (Fortuner) गाड़ी अचानक बेकाबू हो जाती है। संतुलन खोने के बाद यह गाड़ी सबसे पहले रॉन्ग साइड से आ रही एक डस्टर (Duster) कार से जा टकराती है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी वहीं नहीं रुकी और आगे जाकर वहां सड़क किनारे खड़ी नीले रंग की बलेनो (Baleno) और एक ब्रेजा (Brezza) कार में जा घुसी। महज कुछ इंच से बची राहगीर की जान इस खौफनाक हादसे के दौरान फुटेज में एक शख्स बिल्कुल घटनास्थल के नजदीक खड़ा दिखाई दे रहा है। जैसे ही बेकाबू गाड़ी अन्य कारों से टकराई वह शख्स महज कुछ इंच के फासले से गाड़ी की चपेट में आने से बच गया। तस्वीरें देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगर गाड़ी थोड़ी सी भी उसकी तरफ मुड़ती तो वह सीधा मौत के मुंह में समा सकता था। हादसे के कारणों की गहराई से जांच कर रही पुलिस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड करवा कर स्थिति को काबू में किया। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किस वजह से हुआ। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है कि क्या गाड़ी के ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ, या फिर ड्राइवर तेज रफ्तार के कारण अपना संतुलन खो बैठा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आगामी कार्रवाई जारी है।


