राजस्थान में चलती बस में लगा दी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान, हाईवे पर धू-धू कर जला वाहन

राजस्थान में चलती बस में लगा दी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान, हाईवे पर धू-धू कर जला वाहन

बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले में ग्रामीण रूट और टाइमिंग को लेकर दो निजी बस ऑपरेटरों के बीच चल रहा विवाद शुक्रवार शाम हिंसक रूप ले बैठा। बागुंडी के पास बालोतरा से बाड़मेर की ओर जा रही एक निजी बस को रुकवाकर उसमें आग लगा दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि चालक बस से कूदकर जान बचाने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार दोनों निजी बस ऑपरेटरों के बीच लंबे समय से ग्रामीण रूट और बसों की टाइमिंग को लेकर विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार शाम बालोतरा से खाली बस लेकर जा रहे चालक को बागुंडी के पास रोक लिया गया। इसके बाद विवाद बढ़ने पर बस में आग लगा दी गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। वहीं आग बुझाने के लिए नगर परिषद बालोतरा व सीईटीपी तथा पचपदरा रिफाइनरी से एक-एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मचारी भभूताराम, गिरधारीराम बेनीवाल, दीपक चौधरी, नागराज, राहुल व भंवरलाल सहित अन्य ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हाईवे पर लगा जाम

फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू जरूर पा लिया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जल चुकी थी। बस का सिर्फ ढांचा ही बचा है। हाईवे पर अचानक बस में लगी आग को देखकर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। पहले लोगों ने आशंका जताई की चलती बस में आग लगी है। लेकिन बाद में मामला साफ हुआ कि बस में विवाद के चलते आग लगाई गई। घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण हासिल किया। आग बुझने के बाद पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पचपदरा थानाधिकारी गीता कुमारी ने बताया कि निजी बस ऑपरेटरों के बीच रूट को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को बालोतरा से खाली बस लेकर जा रहे चालक को रोककर बस में आग लगा दी गई। फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *