3 November History: Soviet Union ने लाइका को अंतरिक्ष में भेजकर रचा था इतिहास

3 November History: Soviet Union ने लाइका को अंतरिक्ष में भेजकर रचा था इतिहास

नयी दिल्ली, तीन नवंबर सभ्यता की शुरुआत से ही इंसान की जिज्ञासा ने उसे नये-नये अविष्कार करने के लिए प्रेरित किया। अपनी जरूरत की चीजें ईजाद करने के बाद इंसान ने आसमान को छूने के लिए हवाई जहाज का अविष्कार किया और फिर अंतरिक्ष की अनंत गहराइयां नापने के प्रयास में अंतरिक्ष यान बना डाला। इंसान यहीं नहीं रूका।

अब उसे यह देखना था कि आखिर अंतरिक्ष में क्या है? मानव रहित अंतरिक्ष यान तो वह भेज चुका था लेकिन इंसान को वहां भेजने का जोखिम उठाने से पहले जीवित प्राणी के रूप में एक श्वान को अंतरिक्ष में भेजने का फैसला किया गया। तत्कालीन सोवियत संघ ने तीन नवंबर, 1957 को लाइका नाम की मादा श्वान को अंतरिक्ष में भेजा जो नीले आसमान के पार गयी पहली जीवित प्राणी थी।

इस प्रयोग के सफल होने के बाद इंसान के अंतरिक्ष में जाने का रास्ता बना। देश-दुनिया के इतिहास में तीन नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1618 : छठे मुगल बादशाह औरंगजेब का जन्म। उन्होंने भारतीय उपमहाद्वीप पर आधी सदी से भी ज्यादा समय तक शासन किया।

अपने समय के सबसे धनी और शक्तिशाली शासक औरंगजेब के शासन में मुगल साम्राज्य अपने विस्तार के चरमोत्कर्ष पर पहुंचा। 1838 : मुंबई से द बॉम्बे टाइम्स एंड जर्नल ऑफ कॉमर्स का पहला अंक प्रकाशित हुआ। यह 1850 में दैनिक समाचार पत्र बना और 1861 में इसका नाम बदल कर द टाइम्स ऑफ इंडिया कर दिया गया।

1903 : पनामा ने कोलंबिया से आजादी की घोषणा की। 1906 : भारतीय सिनेमा और रंगमंच के सशक्त अदाकार पृथ्वीराज कपूर का जन्म। अपने अभिनय और बुलंद आवाज से उन्होंने कई किरदारों को अमर बना दिया।

इनमें ‘अलैक्जैंडर द ग्रेट’ और ‘मुगले आजम’ का जिक्र खासतौर से किया जा सकता है। 1911: लुई शेवरले और विलियम सी डुरंट ने डेट्रॉयट में शेवरले मोटर कार कंपनी की शुरुआत की। 1933 : अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार से नवाजे गए अमर्त्य सेन का जन्म हुआ।

1947 : जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में भारतीय सेना और पाकिस्तानी कबायली हमलावरों के बीच युद्ध हुआ। इसी लड़ाई में मेजर सोमनाथ शर्मा शहीद हुए। वे भारत के पहले परमवीर चक्र विजेता बने।

1950 : एयर इंडिया की फ्लाइट 245 (मालाबार प्रिंसेस) फ्रांस के मोंट ब्लांक पर्वत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें सवार सभी 48 लोगों (40 यात्री और 8 क्रू मेंबर) की मृत्यु हो गई थी। 1957 : सोवियत संघ ने लाइका नाम की मादा श्वान को अंतरिक्ष में भेजा। अंतरिक्ष यान में सवार होकर आसमान के पार पहुंची वह पहली जीवित प्राणी थी।

1992 : राष्ट्रपति एच डब्ल्यू बुश को हराकर डेमोक्रेट बिल क्लिंटन अमेरिका के 42वें राष्ट्रपति बने। 2004 : अफगानिस्तान में राष्ट्रपति पद के लिए हुए पहले चुनाव में हामिद करजई को विजेता घोषित किया गया। 2014 : आतंकवादियों के हमले में 11 सितंबर, 2001 को तबाह हुए न्यूयार्क सिटी के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की जगह बने नये परिसर को खोला गया।

2019 : माली में सैन्य ठिकाने पर आतंकवादी हमला, 54 की मौत। 2021 : पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में बस खाई में गिरी, 23 लोगों की मौत। 2022 : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के विरोध मार्च के दौरान पंजाब प्रांत में उनके कंटेनर-ट्रक पर हमला किया गया जिसमें उनके पैर में गोली लगी।

2023 : ईरान में नशामुक्ति केंद्र में लगी आग, 27 लोगों की मौत, 17 अन्य घायल। 2024 : युगांडा के एक शरणार्थी शिविर में चर्च पर आकाशीय बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत। 2025 : उत्तरी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया जिसमें 26 लोगों की जान गई, 1,172 लोग घायल हो गए और ऐतिहासिक ब्लू मॉस्क को भी नुकसान पहुँचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *