देवास में टीआई की हत्या के बाद आबकारी अलर्ट:नर्मदापुरम में हाईवे पर खाली-भरे ट्रकों की चैकिंग, कम्पार्टमेंट और चैंबर जांचे

देवास में टीआई की हत्या के बाद आबकारी अलर्ट:नर्मदापुरम में हाईवे पर खाली-भरे ट्रकों की चैकिंग, कम्पार्टमेंट और चैंबर जांचे

देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी में इस्तेमाल ट्रक से कुचलकर टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के बाद नर्मदापुरम में पुलिस और आबकारी विभाग अलर्ट हो गया है। शराब तस्करों को पकड़ने के लिए शहरी क्षेत्रों के साथ स्टेट हाईवे, नेशनल हाईवे और फोरलेन पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार द्विवेदी ने पिपरिया, इटारसी और नर्मदापुरम में अलग-अलग टीमें तैनात की हैं। टीमों को खाली और भरे ट्रकों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। संदेह होने पर किसी भी वाहन को रोककर तलाशी ली जा रही है। मुख्य मार्गों के किनारे स्थित होटल और ढाबों की भी जांच की जा रही है। ट्रक के गुप्त कंपार्टमेंट में छिपाई थीं शराब की 298 पेटियां खातेगांव में जिस ट्रक से टीआई दिलीप पुरी की हत्या हुई, उसमें शराब तस्करों ने पुष्पा फिल्म की स्टाइल में 298 पेटियां छिपाई थीं। ट्रक में अलग से कंपार्टमेंट बनाकर उसके ऊपर वेल्डिंग कर दी गई थी, जिससे बाहर से देखने पर ट्रक खाली नजर आए। हादसे के बाद ट्रक पकड़े जाने पर उसकी बॉडी सामान्य से ऊंची दिखी। जांच के लिए कंपार्टमेंट खुलवाया गया तो उसमें शराब की पेटियां मिलीं। इस मामले के सामने आने के बाद हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। देवास की घटना के बाद हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। जंगल में अवैध शराब की भट्ठियां मिलीं, 3.28 लाख का माल जब्त सोमवार को इटारसी क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीण और शहरी इलाकों में अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। आबकारी वृत्त औद्योगिक क्षेत्र की टीम ने ग्राम पंडारी, कांडईकला, महोना डोब, जमईकला और पाण्डुखेड़ी के जंगलों में दबिश दी। यहां अवैध शराब बनाने के लिए भट्ठियां लगाई गई थीं। इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत 4 प्रकरण दर्ज किए गए। टीम ने करीब 1,700 किलो महुआ लाहन और 20 लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत 1.74 लाख रुपए बताई गई है। शहर में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज इटारसी के सूरजगंज, नाला मोहल्ला, बालाजी मंदिर मेहरगांव और ग्वालबाबा क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। यहां प्लास्टिक के डिब्बों में शराब और महुआ लाहन रखा मिला। आबकारी विभाग ने 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए। मौके से 1,500 किलो महुआ लाहन और 20 लीटर कच्ची मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1.54 लाख रुपए है। दोनों कार्रवाइयों में कुल 3,200 किलो महुआ लाहन और 40 लीटर कच्ची मदिरा जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 3.28 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई में प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी रमेश अहिरवार, आबकारी उपनिरीक्षक केके पड़रिया, मुख्य आरक्षक मदन रघुवंशी, दुर्गेश पठारिया और आरक्षक सारिका, विकास लोखंडे, धर्मेंद्र बारंगे व महिला आरक्षक भावना यादव शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *