भारतीय डाक विभाग ने एक नवंबर से सिरसा डाक मंडल बनाया है। इसमें सिरसा और फतेहाबाद जिले शामिल किए गए हैं। हिसार डाक मंडल में अब हिसार और हांसी जिले रहेंगे। नए मंडल का मुख्यालय सिरसा में होगा। हिसार मंडल के डाकघर अधीक्षक अनिल कुमार रोज ने इस फैसले के लिए हरियाणा सर्कल, अंबाला की चीफ पोस्टमास्टर जनरल मनीषा बंसल बादल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक बदलाव से डाक सेवाओं के संचालन और निगरानी में सुधार होगा। इससे लोगों को मिलने वाली सुविधाएं भी बेहतर होंगी। अनिल कुमार रोज ने बताया कि पहले हिसार डाक मंडल में हिसार, हांसी, सिरसा और फतेहाबाद जिले शामिल थे। अब इसे दो अलग-अलग मंडलों में बांटा गया है।
सिरसा मंडल में इतने डाकघर नए सिरसा डाक मंडल में एक प्रधान डाकघर, 34 उप डाकघर और 266 शाखा डाकघर होंगे। कुल 301 डाकघर इस मंडल में आएंगे। हिसार डाक मंडल में एक प्रधान डाकघर, 33 उप डाकघर और 180 शाखा डाकघर होंगे। यहां कुल 214 डाकघर काम करेंगे। डाक सेवाओं की निगरानी बेहतर होगी : डाकघर अधीक्षक अनिल कुमार रोज ने कहा कि अलग मंडल बनने से दोनों इलाकों में प्रशासनिक कामकाज और डाक सेवाओं की निगरानी बेहतर होगी। इससे डाक विभाग की जनकल्याणकारी योजनाएं और सेवाएं लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने हिसार डाक मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीण डाक सेवकों को बधाई दी।

