अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत:रामगढ़-बोकारो मार्ग पर हादसा; चचेरा भाई घायल, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत:रामगढ़-बोकारो मार्ग पर हादसा; चचेरा भाई घायल, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर गोला के धमना टांड गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 24 वर्षीय मनीष कुमार दास की मौत हो गई। उनके चचेरे भाई अमर रविदास घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। रजरप्पा थाना क्षेत्र के मायल गांव के रहने वाले मनीष, पिता तापेश्वर रविदास, अमर के साथ बोकारो जिले के गोमिया के नरकी गांव से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान धमनाटांड़ के पास बोकारो की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अमर ने स्थानीय लोगों की मदद से मनीष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों के आग्रह पर शव को सदर अस्पताल रामगढ़ भेजा गया। मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने शव रजरप्पा मोड़ के पास सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर रजरप्पा थाने के अवर निरीक्षक रंजीत महतो और मो. एकबाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने की कोशिश की। जाम के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। देर रात समझाने के बाद परिजन मान गए। रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस सड़क पर अक्सर हादसे होते हैं और ज्यादातर घटनाएं तेज रफ्तार के कारण होती हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *