बिलासपुर में पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह आज (मंगलवार) होगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और विधायक अमर अग्रवाल शामिल नहीं होंगे। मुख्यमंत्री साय समारोह के मुख्य अतिथि थे, लेकिन उनके नहीं आने के कारण अब डिप्टी सीएम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यपाल रमेन डेका समारोह की अध्यक्षता करेंगे। वे होनहार छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल देंगे। समारोह में अलग-अलग शैक्षणिक सत्रों के कुल 24,800 सफल विद्यार्थियों को उपाधि और प्रमाणपत्र देने की घोषणा की जाएगी। वहीं, शिक्षा, प्रबंधन और भूगोल विषय के 5 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। पहली बार मिलेगा पं. सुंदरलाल शर्मा वनवासी गौरव सम्मान दीक्षांत समारोह में पहली बार सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में अच्छा काम करने वाली प्रतिभाओं को पंडित सुंदरलाल शर्मा वनवासी गौरव सम्मान और संस्कृति रत्न सम्मान दिया जाएगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट, परीक्षा रिकॉर्ड को डिजिटल करने के पोर्टल और विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘अभ्युदय’ की शुरुआत भी होगी। सीएम दिल्ली में, केंद्रीय राज्य मंत्री स्पेन दौरे पर; विधायक भी बाहर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली में हैं। उन्हें 3 नवंबर की सुबह लौटना था, लेकिन वापसी में देरी हो सकती है। इस वजह से दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल भी समारोह में शामिल नहीं होंगे। दरअसल, मुख्यमंत्री साय को समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। लेकिन वे सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में शामिल होने नई दिल्ली गए हैं। वे सोमवार रात भी दिल्ली में ही रुकेंगे। ऐसे में मंगलवार को उनकी वापसी में देरी हो सकती है। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू 2 से 6 नवंबर तक स्पेन के दौरे पर हैं। बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल भी शहर से बाहर हैं। अमित शाह के रायपुर दौरे के चलते टला सीएम का बिलासपुर प्रवास मंगलवार को रायपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दौरा है। वे यहां राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी वजह से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बिलासपुर दौरा टल गया है। उनकी जगह डिप्टी सीएम अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया, गोमती साय और लता उसेंडी भी मौजूद रहेंगे। इनके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और महापौर पूजा विधानी भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। नैक अध्यक्ष और हरियाणा उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष भी होंगे शामिल समारोह में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक), नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव दीक्षांत अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. कैलाश चन्द्र शर्मा दीक्षांत वक्ता होंगे। दीक्षांत समारोह का किया गया रिहर्सल मंगलवार सुबह 11 बजे से होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियां सोमवार को पूरे दिन चलती रहीं। इस दौरान अतिथियों के आगमन, स्वागत, शोभायात्रा, उपाधि वितरण, स्वर्ण पदक देने और मंचीय कार्यक्रमों का रिहर्सल किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

