शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी में घर के बाहर खड़ी बुलेट बाइक चोरी हो गई। चोर सोमवार रात करीब 3 बजे बाइक लेकर फरार हो गया। चोरी की वारदात घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक अज्ञात युवक बाइक ले जाते दिखाई दे रहा है। पीड़ित परिवार को आशंका है कि चोरी से पहले इलाके की रेकी की गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दो घरों की ताकाझांकी के बाद बुलेट ले गया चोर रंजीत सिंह सरदार ने बताया कि उनके परिवार के तीन सदस्य अपने परिवारों के साथ एक ही जगह अलग-अलग मकानों में रहते हैं। रात करीब 3 बजे एक अज्ञात युवक उनके घरों के आसपास पहुंचा। उसने दो घरों में ताकाझांकी की। एक मकान में खड़ी पुरानी बाइक और स्कूटी को छोड़कर वह दूसरे घर के बाहर खड़ी बुलेट बाइक लेकर भाग गया। मनिहारी का सामान बेचने के बहाने आया था संदिग्ध युवक रंजीत सिंह के मुताबिक, चोरी से एक दिन पहले दिन में एक बाइक सवार युवक उनके घरों के पास आया था। उसकी बाइक पर मनिहारी का सामान लदा हुआ था। युवक काफी देर तक बिना किसी स्पष्ट वजह के घरों के आसपास खड़ा रहा। परिवार को शक है कि उसी युवक ने पहले घरों और आसपास के इलाके की रेकी की और फिर रात में मौका देखकर बुलेट चोरी कर ली। चोरी की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है। परिवार ने फुटेज पुलिस को दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

