क्रांतिवीर तात्याटोपे विश्वविद्यालय में टेंडर प्रक्रिया को लेकर नया विवाद सामने आया है। दतिया के ठेकेदार प्रदीप मिश्रा ने वीडियो जारी कर विश्वविद्यालय प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि कई महीनों का भुगतान और 7 लाख रुपए की धरोहर राशि रोक ली गई है। साथ ही उनका काम एक ऐसी एजेंसी को दे दिया गया, जिसके पास सरकारी विभाग में काम करने का अनुभव नहीं है। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक मिला था ठेका सर्विस और वर्कर कॉन्ट्रैक्टर प्रदीप मिश्रा के मुताबिक, उन्हें विश्वविद्यालय में सुरक्षा और सप्लाई का काम 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक के लिए टेंडर प्रक्रिया के तहत मिला था। उनका आरोप है कि वे नियमों के मुताबिक काम कर रहे थे, लेकिन मई के बाद उनका भुगतान रोक दिया गया। मिश्रा ने दावा किया कि मई में उन्हें पता चला कि उनका काम दूसरी एजेंसी को दे दिया गया है। उनके मुताबिक, इस एजेंसी के पास सरकारी विभाग में काम करने का एक मिनट का भी अनुभव नहीं था। उन्होंने एजेंसी को काम देने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। पैसे देने की मांग करने का भी लगाया आरोप प्रदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि काम के संबंध में जानकारी लेने पर उनसे अनैतिक मांग की गई। उनके मुताबिक, उनसे कहा गया कि पैसे प्रबंधन तक पहुंचा देंगे तो उनका काम दोबारा उन्हें दिलवा दिया जाएगा। मिश्रा का दावा है कि उन्होंने ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद उनका काम रोक दिया गया। 7 लाख रुपए की धरोहर राशि रोकने का दावा ठेकेदार के अनुसार, विश्वविद्यालय ने उनकी 7 लाख रुपए की धरोहर राशि भी रोक रखी है। जब उन्होंने यह राशि वापस मांगी तो प्रशासन ने अड़चनें डालनी शुरू कर दीं और उनके काम में कमियां निकाली जाने लगीं। मिश्रा ने कहा कि अगर उनके काम में कोई कमी थी तो जनवरी तक किए गए भुगतानों के समय नोटिस दिया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है और विश्वविद्यालय में गलत काम कुलपति के आदेश पर हो रहे हैं। ABVP भी उठा चुका है घोटालों का मुद्दा हाल ही में ABVP ने विश्वविद्यालय में आउटसोर्स भर्ती, पेट्रोल-डीजल और टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। अब ठेकेदार के आरोपों से विश्वविद्यालय की टेंडर प्रक्रिया एक बार फिर चर्चा में है। इस मामले में विश्वविद्यालय प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फिलहाल उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

