सागर की केसली थाना पुलिस ने रायसेन जिले से सागर में खपाने के लिए लाई जा रही अवैध शराब पकड़ी है। पुलिस ने टाटा सूमो कार से 11 पेटी देशी शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त कार और शराब की कुल कीमत करीब 3.63 लाख रुपए बताई गई है। जंगल की ओर भागा चालक, पीछा कर पकड़ा पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सियरमऊ-टड़ा मार्ग से सफेद रंग की टाटा सूमो कार (MP 15 DA 1008) में अवैध देशी शराब भरकर केसली-सहजपुर क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने भौरयाऊ घाटी वनदेवी रोड पर नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की कार आती दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रुकवाया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज उर्फ गनेश साहू (45), निवासी सहजपुर बताया। कार की तलाशी लेने पर 11 पेटी मसाला और प्लेन देशी शराब मिली। पुलिस ने कार और शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कम कीमत में शराब खरीदकर लाने का दावा पुलिस पूछताछ में नीरज ने बताया कि वह सहजपुर निवासी सच्चू पांडे और गबराल लोधी के कहने पर रायसेन जिले के सियरमऊ स्थित शराब ठेके से कम कीमत में शराब खरीदकर लाता था। इसके बदले उसे वाहन का किराया और कमीशन मिलता था। शराब को सहजपुर क्षेत्र में खपाने की योजना थी। शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच केसली थाना पुलिस ने नीरज उर्फ गनेश साहू, सच्चू पांडे, गबराल लोधी (दोनों निवासी सहजपुर) और सियरमऊ शराब ठेके के गद्दीदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। केसली थाना प्रभारी धर्मराज सिंह बघेल ने बताया कि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

