हथकड़ी समेत फरार आरोपी 55 घंटे बाद भी नहीं मिला:बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास दिखने की सूचना पर पुलिस ने तलाश की, फतेहपुर में छापेमारी

हथकड़ी समेत फरार आरोपी 55 घंटे बाद भी नहीं मिला:बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास दिखने की सूचना पर पुलिस ने तलाश की, फतेहपुर में छापेमारी

बांदा के बिसंडा थाने से हथकड़ी समेत फरार हुए दुष्कर्म के आरोपित मलखान यादव की तलाश में पुलिस को अब तक सफलता नहीं मिली है। फरारी के करीब 55 घंटे बाद भी आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर है। महोखर गांव और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के आसपास उसकी तलाश में पुलिस ने खेतों से लेकर जंगल तक खंगाले। ड्रोन की मदद से करीब छह घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके बावजूद आरोपित का पता नहीं चल सका। उसके दूसरे जिले में छिपे होने की आशंका पर पुलिस की एक टीम फतेहपुर भी रवाना की गई है। महोखर गांव निवासी मलखान पर एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप है। मामले में करीब सात महीने पहले मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचना के दौरान दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई थीं। पुलिस ने रविवार को आरोपित और किशोरी को बरामद किया था। इसके बाद उसे बिसंडा थाने लाया गया, जहां से रविवार तड़के करीब चार बजे वह पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत भाग निकला। घेराबंदी के बीच जंगल की ओर भागा पुलिस के मुताबिक, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 50 किलोमीटर प्वाइंट के पास मलखान के देखे जाने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपित बरगहनी गांव की तरफ भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया, लेकिन वह जंगल की ओर निकल गया। तलाशी के दौरान मौके से उसका पीला गमछा मिला। इसके बाद आसपास के खेतों और जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के बयान और मेडिकल परीक्षण के दौरान उसके तीन माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। किशोरी ने बताया कि उसने मलखान के साथ मंदिर में शादी की थी। फिलहाल उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाने हैं। बबेरू क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उसे जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने का प्रयास किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *