सिवनी जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर जुए के फड़ संचालित होने के मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में लखनवाड़ा थाना पुलिस ने सोमवार रात ग्राम आमाकोला में जुआ खेलते पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 35 हजार 200 रुपए नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आमाकोला में गौसाई मंदिर के सामने खुले मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर लखनवाड़ा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस टीम ने स्थानीय गवाह सतीश सनोडिया और यशवंत रजक को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की अचानक दबिश से वहां जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने मौके से पांच लोगों को पकड़ लिया। इनको किया गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों में हिमेश ठाकुर (19) निवासी रानी दुर्गावती वार्ड सिवनी, शिवराम यादव (38) निवासी आमाकोला, अरुण धुर्वे (27) निवासी द्वारका नगर सिवनी, विक्रम सतनामी (26) तथा सत्यम विश्वकर्मा (19) निवासी चांवडी शामिल हैं। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से जुए की रकम 35,200 रुपए और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए।

