राजस्थान के झुंझुनूं में दर्दनाक हादसा: करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, 11 KV लाइन से टकराई रोड़ी मशीन

राजस्थान के झुंझुनूं में दर्दनाक हादसा: करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, 11 KV लाइन से टकराई रोड़ी मशीन

Rajasthan Jhunjhunu Workers Death: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान भीषण हादसा हो गया। कदम कुंड मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य में जुटी रोड़ी मिलाने वाली मशीन अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलते ही वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसा इतना भीषण था कि आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। एक साथ आठ मजदूरों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात संभालने में जुट गईं। उदयपुरवाटी एसएचओ रामपाल ने बताया कि बजरी मिलाने के काम में लगी एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई थी। इससे मशीन में करंट दौड़ गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया।

सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें। ॐ शांति!

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *