इंदौर के विजयनगर में रविवार देर रात खुद को कमरे में बंद कर चाकू लेकर हंगामा कर रहे आरोपी ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। आरोपी ने पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव की पीठ पर चाकू से वार किया। घायल जवान को मेदांता अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र के खिलाफ पुलिसकर्मी पर हमला करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है। विजयनगर पुलिस के मुताबिक रविवार रात डायल-112 पर श्रीराम मंदिर विजयनगर से सूचना मिली थी। बीट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव मौके पर पहुंचे। वहां पता चला कि जितेंद्र (पिता सुरेंद्र रघुवंशी), जो मूल रूप से रायसेन का रहने वाला है और इंदौर में किराए से रहता है, ने खुद को कमरे में बंद कर रखा है। उसके हाथ में चाकू था और वह जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों को भागने के लिए कह रहा था। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस पुलिसकर्मियों ने जितेंद्र को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। मौके पर मौजूद उसकी बहन पूजा ने भी उसे समझाया, लेकिन वह उसे भी चाकू से डराने लगा। पुलिसकर्मियों ने जितेंद्र को घेरकर पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया और घायल राजपाल को मेदांता अस्पताल पहुंचाया।

