इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में बोहरा मस्जिद के पास रविवार देर रात एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। आरोपियों को शक था कि युवक ने उनके मामा हारून रंगीला को जिलाबदर अवधि के दौरान पुलिस से पकड़वाने के लिए मुखबिरी की थी। इसी शक में हारून के भांजे मोहम्मद फैजान, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद सलमान और उनके तीन साथियों ने आदिल पर चाकू से वार किए। हमले में घायल आदिल इरफान गौरी के साथ थाने पहुंचा। फरियादियों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल भेजने के बजाय 20 मिनट से ज्यादा समय तक थाने में बैठाकर पूछताछ की। हारून को पकड़वाने के शक में किया हमला सेंट्रल कोतवाली पुलिस ने इरफान गौरी की शिकायत पर मोहम्मद फैजान, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद सलमान और तीन अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ चाकूबाजी की FIR दर्ज की है। इरफान ने बताया कि बोहरा मस्जिद के पास उसके भांजे आदिल पुत्र मोहम्मद जाकिर, निवासी चंपाबाग पर फैजान, रिजवान और उनके साथियों ने चाकू से हमला किया। इरफान के मुताबिक, कुछ दिन पहले पुलिस ने हारून रंगीला को जिलाबदर की अवधि के दौरान पकड़ा था। आरोपियों को शक था कि हारून को आदिल ने पकड़वाया है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल हालत में थाने पहुंचा आदिल आदिल ने बताया कि घटना के बाद वह अपने रिश्तेदार इरफान के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को आरोपियों के नाम बताए। इसके बावजूद पुलिस उसे अस्पताल ले जाने के बजाय थाने में ही 20 मिनट से ज्यादा समय तक पूछताछ करती रही। आदिल ने यह भी बताया कि उसने तीन अन्य आरोपियों के नाम भी पुलिस को दिए थे। पुलिस ने CCTV फुटेज देखने के बाद ही अन्य नाम बढ़ाने की बात कही है। देर रात 3 बजे दर्ज की FIR मामले में रविवार देर रात करीब 3 बजे मेडिकल के बाद पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की।

