सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के लेदरा गांव में बिजली सुधारने पहुंचे लाइनमैन पर डंडे से हमला किया गया। मारपीट में उनके हाथ और सीने में चोट आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। शनिवार को बिजली बंद होने की सूचना पर ओबरी गांव के 30 वर्षीय लाइनमैन संजय कुमार विश्वकर्मा लेदरा में डीपी का जम्फर जोड़कर खराबी सुधार रहे थे। इसी दौरान गांव के विवेकानंद तिवारी ने कथित तौर पर उनसे विवाद किया और डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि विवेकानंद ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के समय धीरेन्द्र तिवारी, आशीष कुशवाहा और प्रियेंद्र द्विवेदी मौके पर मौजूद थे। बताया गया कि उन्होंने बीच-बचाव कर संजय कुमार को बचाया। घटना के बाद विद्युत कंपनी के कनिष्ठ अभियंता धीरेन्द्र पटेल ने रामपुर बाघेलान थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने विवेकानंद तिवारी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

