शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के श्रीपुर चक्क गांव में दो भाइयों पर बिजली ट्रांसफार्मर में तोड़फोड़ करने और केबल काटने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव की बिजली सप्लाई बंद हो गई और ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। सरपंच और ग्रामीणों ने थाने में की शिकायत सरपंच विनोद कुमार सहित ग्रामीण वीडियो लेकर इंदार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि मोहर सिंह लोधी और सपेंद्र सिंह लोधी ने रात में गांव के बिजली ट्रांसफार्मर (डीपी) को नुकसान पहुंचाया। शिकायत के मुताबिक, दोनों भाइयों ने बिजली लाइन में तार डालकर फॉल्ट किया और बस्ती में जाने वाली बिजली की केबल काट दी। सरपंच विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि दोनों भाई आए दिन गांव में विवाद करते हैं और उत्पात मचाते हैं। पूरी रात अंधेरे में रहा गांव ट्रांसफार्मर और केबल को नुकसान पहुंचने के बाद गांव की बिजली सप्लाई बंद हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, बिजली नहीं होने से उन्हें पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। इंदार थाना पुलिस ने शिकायत और वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

