पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के मोहन्द्रा कस्बे में पुलिस ने एक घर पर छापा मारकर पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की। पुलिस ने 41 वर्षीय मौसम गुप्ता को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार 28 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर टीम ने झण्डा बाजार स्थित मौसम गुप्ता के घर पर दबिश दी। आरोप है कि घर के एक कमरे में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री की टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की घेराबंदी की। तलाशी में 300 तैयार छोटे एक-आवाजी देसी पटाखे और बाती लगे 200 खाली पटाखों के खोखे मिले। पुलिस ने विस्फोटक और मसाले को जोड़ने में इस्तेमाल होने वाली मिट्टी और कच्चा सामान भी जब्त किया। पुलिस ने मौसम गुप्ता के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पटाखे कहां भेजे जाने थे और इस काम में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।

