मेरठ शहर में बाइकर्स गैंग के बदमाशों ने बुधवार दोपहर माल रोड पर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दंपती का करीब दो लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन झपट लिया। वारदात के बाद पति ने स्कूटी से बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आए। सूचना पर पहुंची लालकुर्ती पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कई घंटे तक मामले को छिपाए रखने के बाद पुलिस ने रात में मुकदमा दर्ज किया। गंगानगर निवासी सनी शर्मा बुधवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ आबूलेन पर शॉपिंग करने आए थे। दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह माल रोड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज के सामने पहुंचे, पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने उनकी पत्नी के हाथ में मौजूद मोबाइल झपट लिया और तेजी से भाग निकले। अचानक हुई वारदात से दंपती सकते में आ गए। पीछा किया तो मिलिट्री के बंद रास्ते पर लिया यू-टर्न
मोबाइल झपटकर बदमाशों के भागते ही सनी ने स्कूटी से उनका पीछा शुरू कर दिया। काफी दूर तक बदमाशों की बाइक के पीछे दौड़ने के बावजूद वह उन्हें पकड़ नहीं सके। इसी दौरान एक स्थान पर मिलिट्री की ओर से रास्ता बंद किया गया था। रास्ता बंद मिलने पर बदमाशों को यू-टर्न लेना पड़ा। इसके बाद वह दोबारा माल रोड की तरफ भाग निकले। इस दौरान सनी और उनकी पत्नी पीछे छूट गए और बदमाश आंखों से ओझल हो गए। मोबाइल छिनते ही रोने लगीं महिला
मोबाइल छिनने के बाद सनी की पत्नी बेहद परेशान हो गईं और रोने लगीं। इसके बाद दोनों सीधे सिविल लाइन थाने पहुंचे। महिला को रोते देखकर पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की तो उन्होंने मोबाइल झपटने की घटना बताई। महिला ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल की कीमत करीब दो लाख रुपये थी। स्कूटी पर चलते समय मोबाइल बीच में रखा हुआ था। इसी दौरान बदमाशों की नजर उस पर पड़ गई और पलक झपकते ही वह मोबाइल झपटकर फरार हो गए। सिविल लाइन से लालकुर्ती पुलिस को दी गई सूचना
सिविल लाइन पुलिस दंपती से जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची तो पता चला कि वारदात लालकुर्ती थाना क्षेत्र में हुई है। इसके बाद लालकुर्ती पुलिस को सूचना दी गई। लालकुर्ती पुलिस दंपती को साथ लेकर काफी देर तक बदमाशों की तलाश करती रही। एसओ विजय कुमार ने बदमाशों का पता लगाने के लिए एक टीम गठित कर घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को चिह्नित कराया। पुलिस अब फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान और उनकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। वारदात के कई घंटे बाद रात में मुकदमा दर्ज किया गया।

