लखनऊ के मलिहाबाद में मंगलवार शाम ई-रिक्शा पलटने से 39 साल के ट्रैक्टर ड्राइवर की मौत हो गई। वह काम के बाद ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। नजर नगर स्थित विशिष्ट नवीन मंडी के पास ई-रिक्शा के सामने अचानक एक जानवर आ गया था। जानवर को बचाने की कोशिश में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। गुड्डू (39) उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद ले गई। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जमुलिया गांव के रहने वाले गुड्डू ट्रैक्टर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से ई-रिक्शा और उसके चालक की तलाश कर रही है। गुड्डू परिवार का भरण-पोषण करने के लिए अलग-अलग जगह ट्रैक्टर चलाकर मजदूरी करते थे। उनके परिवार में पत्नी सुदामा, आठ साल का बेटा अनिकेत और 14 साल की बेटी वैष्णवी हैं।

