दुर्गा पूजा पास घोटाले में ED पूछताछ के बाद पूर्व मंत्री Indranil Sen गिरफ्तार

दुर्गा पूजा पास घोटाले में ED पूछताछ के बाद पूर्व मंत्री Indranil Sen गिरफ्तार

कोलकाता पुलिस ने दुर्गा पूजा कार्यक्रमों के आयोजन और पास की बिक्री में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी लाभ मिला हो सकता है और यह मानना गलत होगा कि पैसे केवल सेन की जेब में गये। इससे पहले दिन में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने मामले की जांच के सिलसिले में इंद्रनील सेन से कम से कम चार घंटे तक पूछताछ की।

इसके बाद कोलकाता पुलिस की एक टीम उन्हें अपने साथ ले गई। ईडी और कोलकाता पुलिस, ‘मासआर्ट सोसाइटी’ द्वारा दुर्गा पूजा के ‘प्रीव्यू शो’ के प्रबंधन में कथित तौर पर की गई वित्तीय अनियमितताओं की अलग-अलग जांच कर रहे हैं। सेन और उनकी पत्नी मधुच्छंदा के कथित तौर पर इस सोसाइटी से जुड़े होने की बात कही गई है।

पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री रहे सेन से इस मामले में ईडी पहले भी कई बार पूछताछ कर चुकी है। बुधवार दोपहर उनसे साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में केंद्रीय एजेंसी के कार्यालय में पूछताछ की गई। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि ईडी और कोलकाता पुलिस की जांच के बाद सेन को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने दावा किया कि जांच एजेंसियों को कानूनी कार्रवाई के लिए पर्याप्त आधार देने वाले सबूत मिले होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सेन के खिलाफ लंबे समय से जांच चल रही थी। ईडी और कोलकाता पुलिस भी इसकी जांच कर रही थी।

उन्हें कुछ न कुछ जरूर मिला होगा, लेकिन यह सोचना गलत होगा कि इंद्रनील सेन ने सारा पैसा अपने पास रख लिया। हो सकता है कि उन्होंने इस पैसे में से ममता बनर्जी को भी हिस्सा दिया हो। मामला सिर्फ उन्हीं तक सीमित नहीं है, जांच और भी बड़े नामों तक पहुंचेगी।

बस इंतजार कीजिए और देखिए।’’
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि सेन कभी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के ‘‘चहेते’’ थे और उन्हें एक पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी द्वारा संचालित गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। इंद्रनील सेन की गिरफ्तारी को लेकर ममता बनर्जी की पार्टी अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार किया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि जो लोग अपने जमीर से समझौता करने से इनकार करते हैं, उन्हें जेल में डाला जा रहा है, जबकि गंभीर अपराधों के आरोपी भाजपा में शामिल होने के बाद बच जाते हैं।

यह मामला कोलकाता के बहूबाजार पुलिस थाने में जयदीप मुखर्जी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत से शुरू हुआ। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद ईडी ने भी अपनी जांच शुरू की। मामले के मुताबिक, आरोपियों ने 2022 से 2025 के बीच संगठन के माध्यम से ‘विशेष प्रवेश वाले पूजा पास’ देने के लिए आम लोगों से बड़ी रकम जुटाई।

आरोपियों ने कथित तौर पर ‘‘गलत तरीके से यह दावा किया कि संगठन यूनेस्को प्रायोजित संस्था है और बाद में इन पैसों का इस्तेमाल निजी लाभ के लिए किया।’’
सूत्रों के अनुसार, कोलकाता की दुर्गा पूजा को 2021 में यूनेस्को से अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की मान्यता मिलने के बाद ‘मासआर्ट सोसाइटी’ की स्थापना की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *