महिला आयोग अध्यक्ष ने नौ शिकायतें सुनीं:मथुरा में अधिकारियों को समय पर निस्तारण के निर्देश, शाम को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद

महिला आयोग अध्यक्ष ने नौ शिकायतें सुनीं:मथुरा में अधिकारियों को समय पर निस्तारण के निर्देश, शाम को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद

मथुरा में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को महिला सुरक्षा, सशक्तीकरण और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। राजीव भवन सभागार में कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई और अन्नप्राशन के साथ समीक्षा बैठक और जनसुनवाई हुई। शाम को उन्होंने राया विकासखंड में शक्ति संवाद कार्यक्रम के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बात की। राजीव भवन सभागार में अध्यक्ष ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और उन्हें फल की टोकरी दी। बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया। इस दौरान 10 नवजात बालिकाओं का केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया और सभी को बेबी किट दी गईं। अध्यक्ष ने कहा कि कन्या का जन्म समाज के लिए गौरव की बात है। बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से महिला कल्याण योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने को कहा। दोपहर 12:20 बजे संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें महिला सुरक्षा, कल्याण और सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। जनसुनवाई में नौ शिकायतें मिलीं, जिनमें ज्यादातर पुलिस विभाग से जुड़ी थीं। अध्यक्ष ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समय पर और सही तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों तथा निजी प्रतिष्ठानों में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकने के लिए आंतरिक परिवाद समितियों का गठन कराने और शिकायत पेटिका लगवाने पर जोर दिया। शाम चार बजे राया विकासखंड में शक्ति संवाद कार्यक्रम हुआ। इसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 20 महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिलाओं को सुरक्षा संबंधी नियमों, आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और विश्वकर्मा योजना की जानकारी दी गई। अध्यक्ष ने कहा कि पात्र महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *