भोपाल में 35 वर्षीय नर्स ने उत्तर प्रदेश के एक युवक पर होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। नर्स की शिकायत पर मंगलवारा पुलिस ने युवक के खिलाफ रेप का प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। महिला के अनुसार घटना 29 दिसंबर 2025 की है। मोहम्मद असद ने होटल बुलाया था, जहां शादी की इच्छा जताई और नहीं मानने पर बंधक बनाकर रेप किया। अब असद ने शादी से साफ इंकार कर दिया तो महिला थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। शादी की बात चल रही थी पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। वह भोपाल के एक निजी नर्सिंग होम में नर्स के रूप में काम करती है और पुराने भोपाल में परिवार के साथ रहती है। आरोपी मोहम्मद असद भी उत्तर प्रदेश का निवासी है। पीड़िता और आरोपी के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी सिलसिले में आरोपी भोपाल आया था। आरोप है कि उसने महिला को मिलने के लिए होटल के कमरे में बुलाया, जहां उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया। उधार रकम भी नहीं लौटाने का आरोप पीड़िता का आरोप है कि युवक ने जरूरत बताकर उससे कुछ रकम उधार ली थी, लेकिन वापस नहीं की। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया और महिला से सभी संबंध खत्म कर लिए। इसके बाद पीड़िता मंगलवार रात मंगलवारा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।

