मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 अक्टूबर को बैतूल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में तीन जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को करीब 30 करोड़ रुपए का बोनस वितरित करेंगे। इसमें बैतूल जिले के संग्राहकों को लगभग 13 करोड़ रुपए का बोनस मिलने की जानकारी सामने आई है। कार्यक्रम में बैतूल के साथ छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम जिले के तेंदूपत्ता संग्राहक भी शामिल होंगे। तीन जिलों के संग्राहकों को एक साथ बोनस वितरण के लिहाज से यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, डीएफओ नवीन गर्ग सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच निर्माण, हितग्राहियों की बैठक व्यवस्था, अतिथियों के आगमन-निर्गमन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ग्राउंड में कार्यक्रम स्थल लगभग तय
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के अनुसार, बैतूल के पुलिस ग्राउंड को कार्यक्रम स्थल के रूप में लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है। हालांकि, पूर्व में राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए बनाए गए हेलीपैड वाले स्थान पर भी कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर चर्चा चल रही है। अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग को प्रोटोकॉल के अनुरूप जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। तीन जिलों की तैयारियों पर फोकस
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में तीन जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण किया जाना है। इसके मद्देनजर हितग्राहियों के परिवहन, बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूरा करने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाल रहे विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को हुए निरीक्षण में जिला पंचायत के सीईओ गणेश जायसवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

