कैथल में पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल द्वारा पूंडरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे 152-डी फ्लाईओवर के नीचे से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 550 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ढाई लाख रुपए के करीब है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव चोचड़ा जिला करनाल निवासी हरपाल के रूप में हुई है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना बता दें कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार की अगुवाई में एसआई पारस कुमार की टीम अपराधों की रोकथाम के संबंध में गांव करोड़ा बस अड्डे पर मौजूद थे। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव चोचड़ा जिला करनाल निवासी हरपाल चरस बेचने का काम करता है तथा आसपास के क्षेत्र में इसकी सप्लाई करता है। वह इस समय गांव बाकल से करोड़ा जाने वाली सड़क पर नेशनल हाईवे 152-डी फ्लाईओवर के नीचे पिट्ठू बैग में चरस लेकर किसी ग्राहक को सप्लाई देने के इंतजार में खड़ा है। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर रेडिंग पार्टी तैयार कर उक्त स्थान पर दबिश दी। जहां फ्लाईओवर के नीचे एक युवक पिट्ठू बैग लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे बैग सहित काबू कर लिया। जिसकी पहचान गांव चोचड़ा जिला करनाल निवासी हरपाल के रूप में हुई। पांच दिन के रिमांड पर आरोपी पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे डीएसपी क्राइम कैथल सुशील प्रकाश के आदेशानुसार तलाशी के दौरान आरोपी के बैग में पॉलीथिन से 1 किलो 550 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ। इस बारे थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर मौके पर पहुंचे एएसआई शमशेर सिंह द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से व्यापक पूछताछ के लिए अदालत से 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

