जबलपुर के महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) स्कूल में सोमवार को 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता 8 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें प्रदेश के 9 संभागों और जनजातीय टीम के करीब 700 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। जूडो और गतका के मुकाबले मंगलवार से शुरू होंगे। पूजा और दीप प्रज्ज्वलन के साथ उद्घाटन महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने मां सरस्वती की पूजा और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि जबलपुर में राज्य स्तरीय शालेय खेलों का आयोजन शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जबलपुर हर तरह के खेल आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है। उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। इसके बाद बैंड दल की धुन पर खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट किया। दो स्थानों पर होंगे मुकाबले प्रतियोगिता के तहत जूडो के मुकाबले एमएलबी स्कूल में और गतका के मुकाबले दशमेश हॉल में होंगे। दोनों खेलों के मुकाबले मंगलवार से शुरू किए जाएंगे। 15 स्कूलों में खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था प्रतियोगिता के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन के लिए 15 सरकारी और निजी स्कूलों को निर्धारित किया गया है। इसके अलावा खिलाड़ियों के आवागमन के लिए परिवहन व्यवस्था और प्रतियोगिता से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।

