गुरुग्राम में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-47 स्थित एक कैफे से पुलिस ने एक एमबीए पास युवती को 50 हजार रुपये की रंगदारी लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती पर अपने बॉयफ्रेंड को रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर करीब 90 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती के बैंक खाते को सीज कर दिया है, जिसमें 95 लाख रुपये जमा हैं। अदालत ने आरोपी महिला को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। डेटिंग ऐप से हुई थी शुरुआत एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पीड़ित युवक और आरोपी युवती की मुलाकात करीब तीन साल पहले ‘सीकिंग’ डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हो गई और वे एक-दूसरे से मिलने लगे। दोनों कई बार बाहर घूमने भी गए और इस दौरान उनके बीच फिजिकल रिलेशन भी बन गए। पीड़ित युवक भी गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। करीब तीन साल तक दोनों का रिलेशनशिप सामान्य रूप से चलता रहा। 90 लाख लेने के बाद भी नहीं भरी नीयत पीड़ित युवक ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि कुछ समय बाद युवती का रवैया बदलने लगा। उसने युवक को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। युवती ने धमकी दी कि अगर उसने उसकी पैसों की मांग पूरी नहीं की, तो वह उसके खिलाफ पुलिस में रेप का झूठा मुकदमा दर्ज करवा देगी। बदनामी और जेल जाने के डर से पीड़ित युवक लगातार उसकी मांगें पूरी करता रहा। पीड़ित के मुताबिक, युवती अलग-अलग समय पर उससे अब तक करीब 90 लाख रुपये वसूल चुकी थी। इतनी बड़ी रकम ऐंठने के बाद भी युवती की लालच कम नहीं हुई। उसने युवक पर और पैसों के लिए दबाव बनाना जारी रखा और फिर से भारी रकम की मांग की। युवती की लगातार बढ़ती ब्लैकमेलिंग और धमकियों से तंग आकर आखिरकार पीड़ित युवक ने पुलिस की शरण लेने का फैसला किया और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। कैफे में बिछाया गया जाल, रंगे हाथों पकड़ी गई शिकायत मिलते ही पुलिस की क्राइम ब्रांच एक्शन में आ गई। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और आरोपी युवती को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। योजना के मुताबिक, पीड़ित ने युवती को पैसे देने के बहाने सेक्टर-47 स्थित एक नामी कैफे में बुलाया। जैसे ही युवती पीड़ित युवक से 50 हजार रुपये की नकदी ले रही थी, तभी आसपास सादे कपड़ों में मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। एसजीटी यूनिवर्सिटी से किया है एमबीए पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवती पढ़ी-लिखी है। उसने गुरुग्राम की ही एसजीटी यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री हासिल की है और वर्तमान में एक प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी कर रही थी। पुलिस ने जब युवती के बैंक खातों की जांच की, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। महिला के बैंक अकाउंट में 95 लाख रुपये मिले, जिसे पुलिस ने तुरंत प्रभाव से सीज करवा दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि खाते में मौजूद इतनी बड़ी रकम क्या इसी युवक से वसूली गई थी या महिला ने किसी और को भी अपना शिकार बनाया है। दो दिन के रिमांड पर आरोपी एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ रंगदारी, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच करने, वसूली गई बाकी रकम बरामद करने और इस पूरे सिंडिकेट में किसी अन्य की संलिप्तता का पता लगाने के लिए अदालत से रिमांड की मांग की। अदालत ने दलीलें सुनने के बाद युवती को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान युवती से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस मामले में कई अन्य अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

