बिलासपुर में 5 युवकों को गैंगरेप में फंसाने की साजिश:30 हजार का लालच देकर नाबालिग को फंसाया, युवती समेत 2 युवकों की तलाश जारी

बिलासपुर में 5 युवकों को गैंगरेप में फंसाने की साजिश:30 हजार का लालच देकर नाबालिग को फंसाया, युवती समेत 2 युवकों की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नाबालिग लड़की को मोहरा बनाकर गैंगरेप की झूठी शिकायत कराने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, गैंगरेप की शिकायत की जांच के दौरान मामले का खुलासा हुआ। नाबालिग के परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते 5 युवकों को फंसाने के लिए उनके खिलाफ गैंगरेप का आरोप लगाया था। जांच में पुलिस को शिकायत झूठी मिली। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। दरअसल, शनिवार देर रात सिविल लाइन क्षेत्र की नाबालिग लड़की फटे कपड़ों में देर रात थाने पहुंची। उसके साथ परिजन भी थे, जिन्होंने बताया कि पांच युवकों ने मिलकर गैंगरेप किया है। वहीं, नाबालिग ने भी पुलिस को बताया कि पांच युवक मिलकर पहले उसे सुनसान जगह पर ले गए। इसके बाद बारी-बारी से रेप किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को तुरंत जानकारी दी गई और जांच शुरू की गई। पूछताछ और घटनाक्रम की जांच की गई। इस दौरान नाबालिग के बयान और संदिग्ध युवकों की मौजूदगी को लेकर विरोधाभास सामने आया। महिला पुलिसकर्मियों ने नाबालिग से बारीकी से पूछताछ की। इसके बाद इस साजिश का खुलासा हुआ। पुरानी रंजिश के चलते फंसाने की साजिश पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते 5 युवकों को फंसाने की साजिश रची गई थी। इसके लिए नाबालिग को मोहरा बनाया गया। आरोप है कि एक युवती और दो युवकों ने नाबालिग को 30 हजार रुपए देने का लालच दिया। इसके बाद पांच युवकों के खिलाफ झूठी दुष्कर्म की रिपोर्ट कराने के लिए उसे तैयार किया गया। फिर उसके कपड़े फाड़े गए और उसे सकरी थाने ले जाकर गैंगरेप की शिकायत कराई गई। वारदात के समय मौके पर नहीं थे संदेही युवक शिकायत में लड़की ने जिन पांच युवकों पर गैंगरेप के आरोप लगाए थे, पुलिस ने उनकी धरपकड़ की। युवकों ने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया। उन्होंने बताया कि जिस समय की घटना बताई जा रही है, उस वक्त सभी अलग-अलग जगहों पर थे। युवकों के बताए अनुसार, पुलिस ने उनकी मौजूदगी की जांच की। जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध जानकारी में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद पुलिस ने झूठी शिकायत के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। 30 हजार का लालच देने का आरोप पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को कथित तौर पर 30 हजार रुपए देने का लालच दिया गया था। साथ ही जिन पांच युवकों को फंसाने की योजना थी, उनसे मोटी रकम वसूलने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस अब इस साजिश में शामिल युवती और दो युवकों की तलाश कर रही है। पुलिस बोली- ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली मामले में एक अलग बात यह भी सामने आई है कि सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू ने ऐसी किसी घटना या शिकायत की जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनके थाने में इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। वहीं, पुलिस अफसरों के अनुसार सकरी थाने में जीरो पर केस दर्ज कर केस डायरी सिविल लाइन थाने भेजी गई है। CSP बोले- गैंगरेप की शिकायत निकली झूठी सिविल लाइन सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि मामला गंभीर होने की वजह से इसकी जांच कराई गई। जिन आरोपियों के नाम सामने आए, उन्हें पकड़कर पूछताछ की गई। लेकिन, वे घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। वहीं, नाबालिग लड़की ने भी लालच में आकर झूठी शिकायत करने की बात स्वीकार की है। शिकायत झूठी पाए जाने पर मामले में अपराध दर्ज किया गया है। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *