पलवल जिले में 2 अलग-अलग सड़क हादसों में एक बच्ची और एक किसान की मौत हो गई। इन हादसों में एक महिला और किसान का भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा नेशनल हाईवे-19 पर हुआ। अलीगढ़ के बसेरा गांव निवासी सोनवीर शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी नीलम अपनी बेटी काव्या के साथ बस से उतरकर सत्य सांईं अस्पताल बघौला जा रही थीं। पैदल जा रही मां बेटी को बाइक ने मारी टक्कर वे पैदल सड़क पार कर रही थीं, तभी एक बाइक ने नीलम को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मां-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से उन्हें जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मासूम बच्ची काव्या को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीलम का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराई बाइक दूसरी घटना पलवल-हथीन मार्ग पर हुई। स्वामीका गांव निवासी किसान सुरेश अपने चचेरे भाई हुकमी के साथ सोमवार रात पलवल आ रहे थे। रतीपुर गांव के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकरा गई। टक्कर में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक डंपर सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने दोनों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि हुकमी का इलाज जारी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मंगलवार को सुरेश के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

