मेरठ में 19 और 20 सितंबर को भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम (एसकेएटी) पहली बार एयरशो करेगी। नौ लाल-सफेद हाक एमके-132 विमानों का यह दल आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएगा। इसके लिए शुक्रवार से ट्रायल शुरू हो गए हैं, जिन्हें देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है। इस खास टीम में मेरठ के तीन स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, राहुल सिंह और शरद गोयल शामिल हैं। अमन गोयल और राहुल सिंह को अपने ही शहर के ऊपर उड़ान भरने का मौका मिलेगा। वहीं, शरद गोयल मोहिउद्दीनपुर के न्यूटाउनशिप स्थल पर मौजूद रहकर सूर्यकिरण टीम की खूबियां बताएंगे। अमन गोयल छावनी स्थित सेंट मेरीज एकेडमी के पूर्व छात्र हैं। स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल और स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह लड़ाकू विमान पायलट हैं। दोनों के पास भारतीय वायुसेना में 10 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने लड़ाकू और प्रशिक्षक विमानों सहित कई तरह के विमानों पर 1,500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी है। दोनों अधिकारी प्रशिक्षित उड़ान प्रशिक्षक भी हैं और उनके पास 500 घंटे से ज्यादा का प्रशिक्षण उड़ान का अनुभव है। स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल को साल 2015 में भारतीय वायुसेना में कमीशन मिला था, जबकि स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह साल 2013 में वायुसेना में शामिल हुए थे।

