IND vs AFG T20 Series 2026: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई T20 सीरीज को श्रेयस अय्यर और कंपनी ने 3-0 से जीत लिया। अय्यर की कप्तानी में यह लगातार दूसरा क्लीन स्वीप है। इससे पहले टीम इंडिया ने जिंबाब्वे के खिलाफ भी 3-0 से जीत हासिल की थी। हालांकि, इस शानदार जीत के बावजूद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर की टेंशन बढ़ गई है। पिछली दोनों सीरीज में टी20 इंडिया के तीनों ओपनर्स ने शानदार प्रदर्शन किया है।
3 ओपनर्स, तीनों मचा रहे धमाल
टीम इंडिया के टी20 स्क्वॉड में इस वक्त तीन ओपनर शामिल हैं, जिसमें वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा शामिल हैं। तीनों का प्रदर्शन शानदार रहा है। जिंबाब्वे के खिलाफ जहां वैभव सूर्यवंशी प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे, तो वहीं T20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। अफगानिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने रनों का अंबार लगाया और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए।
ऐसे में अब अफगानिस्तान सीरीज के बाद गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर की सबसे बड़ी टेंशन है एशियन गेम्स के लिए प्लेइंग इलेवन में किन दो ओपनर को मौका दें और किसे बाहर किया जाए। अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ 76.33 की औसत से 239 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा, तो दूसरे ओर संजू सैमसन इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे। सबसे खास बात यह है कि सीरीज में सिर्फ दो ही बल्लेबाज 100 या उससे ज्यादा रन बना पाए और दोनों ही भारत के ओपनर हैं, जबकि पिछली सीरीज के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट वैभव सूर्यवंशी बेंच पर बैठे रहे।
ऐसे में सवाल यह है कि एशियाई गेम्स और वेस्टइंडीज सीरीज में टीम इंडिया के ओपनर्स कौन होंगे? अब तक सिर्फ वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन ने साथ में ओपनिंग नहीं की है, जबकि अभिषेक शर्मा-ईशान किशन, अभिषेक शर्मा-संजू सैमसन और संजू सैमसन-ईशान किशन ओपनिंग कर चुके हैं।
नया कॉम्बिनेशन या पुराने ओपनर्स?
दूसरे T20 मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ जीत के बाद श्रेयस ने संकेत दिया था कि नए कॉम्बिनेशन को आजमाया जा सकता है, लेकिन तीसरे T20 मुकाबले में भी उन्होंने ओपनिंग में कोई बदलाव नहीं किया। जिस भी खिलाड़ी को बाहर किया जाएगा, सवाल उठेंगे, क्योंकि तीनों ने ही शानदार प्रदर्शन किया है।
T20 वर्ल्ड कप के बाद संजू सैमसन के बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ वह भी फॉर्म में दिखाई दिए और आखिरी दोनों मुकाबलों में शतक जड़ा। ऐसे में एशियाई गेम्स से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम इंडिया के लिए एशियन गेम्स में ओपनिंग कौन करेगा?



