शाहजहांपुर में शुक्रवार दोपहर एक बजे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने वेतन बढ़ाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत पांडे को सौंपा। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने 12 हजार रुपये वेतन देने की घोषणा की थी, लेकिन यह सिर्फ धोखा साबित हुआ है। उनके वेतन में सिर्फ 1500 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पहले भी कई घोषणाएं हुई हैं, जो आज तक पूरी नहीं हुई हैं। जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं पहले खिरनीबाग के रामलीला मैदान में इकट्ठा हुईं। वहां उन्होंने धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचीं। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की जिला अध्यक्ष विनीता द्विवेदी ने ज्ञापन के जरिए सरकार से वेतन बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि उन्होंने वेतन बढ़ाकर 12 हजार रुपये कर दिया है, लेकिन हकीकत में उन्हें इतना वेतन नहीं मिल रहा है। विनीता द्विवेदी ने यह भी बताया कि आजकल महंगाई लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन नहीं बढ़ाया जा रहा है, जबकि उनसे काम ज्यादा लिया जा रहा है।

