सागर के शासकीय माध्यमिक विद्यालय धर्माश्री में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता निर्धारित स्तर के अनुरूप नहीं मिलने और शासन के साप्ताहिक मेन्यू के विपरीत भोजन दिए जाने पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने नाराजगी जताई। बुधवार को स्कूल के औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के बाद मध्याह्न भोजन प्रदाता संस्था आकांक्षा सेवा समिति के प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। समिति से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मध्याह्न भोजन प्रदाय का अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय को नस्ती भेजी जाएगी। औचक निरीक्षण में मिलीं कमियां कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बुधवार को शासकीय माध्यमिक शाला धर्माश्री का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में विद्यार्थियों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता निर्धारित स्तर के अनुरूप नहीं पाई गई। साथ ही भोजन शासन द्वारा तय साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार भी नहीं था। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। समिति पर है गुणवत्तापूर्ण भोजन देने की जिम्मेदारी मध्याह्न भोजन प्रदाता संस्था को स्कूल में निर्धारित मेन्यू के अनुसार शुद्ध, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षण में कमियां सामने आने के बाद विकासखंड स्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केंद्र सागर ने आकांक्षा सेवा समिति के प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दो दिन में देना होगा जवाब नोटिस में समिति को निर्देश दिए गए हैं कि गुणवत्ताहीन और मेन्यू के विपरीत भोजन दिए जाने के संबंध में अपना स्पष्टीकरण नोटिस जारी होने के दो दिन के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर कलेक्टर के निर्देशानुसार समिति के मध्याह्न भोजन प्रदाय अनुबंध को निरस्त करने की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय को नस्ती भेजी जाएगी।

