चित्रकूट में मंगलवार रात करीब 9 बजे तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क पार कर रहे दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद एक बाइक टैंकर में फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे करीब छह किलोमीटर तक घसीटा और भरतकूप की ओर भाग निकला। सूचना पर भरतकूप पुलिस ने घेराबंदी कर टैंकर और चालक को पकड़ लिया। हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के खूटहा गांव का है। बाइक फंसने के बाद भी नहीं रोका टैंकर हादसा खूटहा गांव के पास हुआ। टक्कर के बाद बाइक टैंकर में फंस गई। इसके बावजूद चालक वाहन रोकने के बजाय बाइक को घसीटते हुए भरतकूप की ओर निकल गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शिवरामपुर पुलिस ने तत्काल भरतकूप पुलिस को टैंकर के बारे में जानकारी दी। भरतकूप थाना प्रभारी विनोद राय ने पुलिस टीम के साथ कस्बे में घेराबंदी कर टैंकर को रोक लिया। चालक को हिरासत में लेकर टैंकर को कब्जे में ले लिया गया। टैंकर में फंसी बाइक भी बरामद कर ली गई। तीनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा हादसे के बाद तीनों युवक सड़क पर घायल पड़े थे। शिवरामपुर चौकी प्रभारी रमेश मिश्रा ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान पादरी गांव निवासी 24 वर्षीय विक्रम, 26 वर्षीय छितानी राम और रायपुरवा माफी निवासी 28 वर्षीय देवकी के रूप में हुई। चौकी प्रभारी के मुताबिक, तीनों की हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान देवकी की मौत हो गई। वहीं विक्रम और छितानी राम की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। हादसे की परिस्थितियों और टैंकर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

