Sagar Spurious Liquor Tragedy: मध्य प्रदेश के सागर जिले में मिलावटी शराब सेवन से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 12 तक पहुंच चुका है। ताजा मिली जानकारी के अनुसार, जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में रविवार सुबह मिलावटी शराब पीने से अलग-अलग गांवों के अब 12 लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। सागर कलेक्टर, एसपी और प्रशासनिक अमला बंडा के अस्पताल मौजूद है। तीन गंभीर घायलों को सागर बीएमसी में भर्ती कराया गया है। मृतकों के परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। बंडा अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। प्रशासन ने घायलों के इलाज की व्यवस्था की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मिलावटी शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मृतकों के नाम
मृतकों में गोलू (उर्फ चमन) लोधी (45) निवासी गूगरा खुर्द, दिग्विजय (28) पुत्र देवेंद्र लोधी, करतार सिंह (30) पुत्र जोधन लोधी, उजयार सिंह (56) पुत्र विजय सिंह लोधी, रोशन लोधी (30) पुत्र जगन्नाथ (पाटन) और राजेंद्र (32) पुत्र मूरत लोधी (नौराज‑गूगरा), हरनाम (42) पुत्र घनश्याम राय, कम्मू (59) पुत्र सरू अहिरवार शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक गोलू को कैंसर की भी शिकायत थी। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग ने आपात स्थिति घोषित कर प्रभावित इलाकों में चिकित्सा व निगरानी बढ़ा दी है।
मौके पर पहुंची कलेक्टर, कहा- कड़ी कार्रवाई की जाएगी
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि मामले की जांच से चल रही है और मिलावटी शराब बेचने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। बंडा क्षेत्र की सभी शराब दुकानों को सील किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घबराहट न रखने और संदिग्ध शराब के प्रयोग से बचने की अपील की है। कलेक्टर ने बताया कि प्रभावित गांवों नौराज, सेमरा,बामूरा, गुगरा, पाटन चौक मपर चिकित्सकों की टीम भी स्क्रीनिंग के लिए पहुंच चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिस भी व्यक्ति ने पिछले 24 से 48 घंटे में शराब का सेवन किया वह डॉक्टर के पास जाकर अपनी जांच करवाएं। आगे की कार्रवाई व मृतकों की विस्तृत पहचान पर प्रशासन की ओर से जानकारी दी जाएगी।

