कोलंबिया में सोने की खदान में लैंडस्लाइड, 13 मजदूरों की मौत

कोलंबिया में सोने की खदान में लैंडस्लाइड, 13 मजदूरों की मौत

दुनियाभर में खदानों के ढहने के मामले कोई नई बात नहीं हैं और समय-समय पर ऐसी घटनाएं देखने को मिलती रहती हैं। पिछले करीब दो साल में इस तरह के कई मामले सामने आए हैं। अब कोलंबिया (Colombia) में सोने की एक खदान (Gold Mine) में लैंडस्लाइड का मामला सामने आया है, जिसकी वजह से खदान ढह गई। यह घटना कोलंबिया के दक्षिण-पश्चिमी नारीनो प्रांत के पोलिकार्पा नगरपालिका के प्यूर्टो रिको गांव में बुधवार की रात को हुई, जिसके बारे में अधिकारियों ने आज, गुरुवार, 20 अगस्त को जानकारी दी।

अचानक लैंडस्लाइड से मचा हाहाकार

जानकारी के अनुसार सोने की जिस खदान में लैंडस्लाइड हुआ, वो एक अवैध खुले गड्ढे वाली खदान थी। अचानक से लैंडस्लाइड होने से हाहाकार मच गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार खदान में हो रही खुदाई की गतिविधियों के कारण ढलान अचानक ढह गई और नीचे काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। शुरू में कुछ लोगों ने धमाके की आवाज सुनाई देने की बात कही थी, लेकिन बाद में स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह विस्फोट नहीं बल्कि लैंडस्लाइड था।

13 मजदूरों की मौत

कोलंबिया के नारीनो प्रांत के पोलिकार्पा नगरपालिका के प्यूर्टो रिको गांव में स्थित सोने की खदान में लैंडस्लाइड होने की वजह से 13 मजदूरों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

7 मजदूर घायल

सोने की खदान में लैंडस्लाइड की वजह से 7 मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूरों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

अवैध तौर पर चल रही थी खदान

सोने की जिस खदान में लैंडस्लाइड की वजह से हादसा हुआ, वो अवैध रूप से चल रही बिना लाइसेंस वाली कलात्मक (आर्टिसनल) खदान थी। नारीनो विभाग के सरकारी सचिव फ्रेडी गेमेज़ ने बताया कि खदान में चल रही गतिविधियों के कारण यह हादसा हुआ। राष्ट्रीय आपदा जोखिम प्रबंधन इकाई (UNGRD) के निदेशक गैब्रियल ओकान्या ने भी इसकी पुष्टि की। क्षेत्र के निवासियों के अनुसार हर दिन करीब 50 लोग इस खदान में सोना निकालने का काम करते थे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कोलंबिया में अवैध खनन सामान्य है। देश में अनुमानित 2 से 4 लाख लोग इस तरह के कलात्मक खनन से जुड़े हैं, क्योंकि कई परिवारों की आजीविका इसी पर निर्भर करती है। सुरक्षा मानकों और सरकारी निगरानी के अभाव में ऐसी दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *