80 साल की बुजुर्ग का गला काटकर लूट, आरोपी गिरफ्तार:खेत में छुपकर बैठा था, गेट खुलते ही किया था अटैक

80 साल की बुजुर्ग का गला काटकर लूट, आरोपी गिरफ्तार:खेत में छुपकर बैठा था, गेट खुलते ही किया था अटैक

राजसमंद के देवगढ़ थाना क्षेत्र 80 साल की बुजुर्ग महिला का गला काटकर सोने के मादलिये लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। दो सोने के मादलिये और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। घटना 16 अगस्त की सुबह लसानी गांव में हुई थी। पुलिस के अनुसार, कर्ज में डूबे आरोपी ने लालच में वारदात की थी। उसने पहले मकान की रेकी की थी। सुबह मकान के पीछे का गेट खुलते ही चाकू से हमला कर उनका गला काट दिया और तीन मादलिये तोड़कर भाग गया। आरोपी को संदिग्ध मानकर हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वारदात कबूल कर ली। थानाधिकारी हॉस्पिटल में भर्ती घायल महिला से मुलाकात कर आरोपी के पकड़े जाने की जानकारी दी। यह सुनकर चंपाबाई के चेहरे पर खुशी नजर आई। पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम दरवाजा खुलते ही चाकू से हमला कर तीन मादलिये तोड़े पुलिस के अनुसार, देवगढ़ थाना क्षेत्र के लसानी गांव में 16 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 4 बजे देवीलाल मकान के पीछे खेतों की तरफ से पहुंचा था। चंपाबाई (80) अपने बेटे के मकान में अकेली रहती थीं। आरोपी उनके मकान के पीछे वाले दरवाजे के खुलने का इंतजार करने लगा। जैसे ही चंपाबाई ने दरवाजा खोला, आरोपी ने पीछे से चाकू से हमला कर उनका गला काट दिया और गले में पहने तीन सोने के मादलिये तोड़ लिए। इनमें से एक मादलिया मौके पर गिर गया, जबकि दो मादलिये लेकर आरोपी फरार हो गया। चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन, खून से लथपथ मिलीं चंपाबाई के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। महिला ने जैसे-तैसे दरवाजा खोला तो वह खून से लथपथ मिलीं। उनके गले पर चाकू के कई घाव थे। परिजन उन्हें तुरंत हॉस्पिटल लेकर गए, जहां उनका इलाज कराया गया। पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी, सख्ती से पूछताछ में कबूली वारदात घटना के बाद पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई गई। जांच में देवीलाल रेगर संदिग्ध सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह पहले वारदात से अनजान होने की बात कहकर पुलिस को गुमराह करता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वारदात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात से पहले मकान की रेकी की थी। कर्ज में दबा था आरोपी, दो मादलिये और चाकू बरामद पुलिस के अनुसार, देवीलाल कर्ज में दबा हुआ था और लालच में उसने बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर लूटे गए सोने के दोनों मादलिये और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। उससे अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। थानाधिकारी मुकेश चौधरी ने हॉस्पिटल में भर्ती चंपाबाई से मुलाकात कर आरोपी के पकड़े जाने की जानकारी दी। यह सुनकर उनके चेहरे पर खुशी नजर आई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *