चित्रकूट जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और कई इलाकों में जलभराव के कारण प्रशासन ने 21 अगस्त को स्कूलों के संचालन को लेकर ब्लॉकवार दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुछ विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, पूरे जिले में एक साथ छुट्टी नहीं की गई है। स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करने के बाद खंड शिक्षा अधिकारियों ने संबंधित विद्यालयों के लिए अवकाश का निर्णय लिया है। चित्रकूट ब्लॉक में कुल सात विद्यालय बंद रहेंगे। जलभराव की स्थिति को देखते हुए कंपोजिट विद्यालय गौशाला, महादेव, प्राथमिक विद्यालय चकवा पुरवा, भंभीर, महुटा रूपौली, मछरिन पुरवा और उच्च प्राथमिक विद्यालय भंभीर में 21 अगस्त को अवकाश रहेगा। इन विद्यालयों के स्टाफ को निकटतम सुलभ विद्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। मऊ ब्लॉक में चार विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। भारी बारिश और रास्तों में आवागमन बाधित होने के कारण कंपोजिट विद्यालय घूरेहटा, बेलहा तथा प्राथमिक विद्यालय कनभय और बेनीपुर पाली में छुट्टी रहेगी। अन्य स्थानों पर भी जलभराव या रास्ता बंद होने की स्थिति में जिओ-टैग फोटो और वीडियो के जरिए सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। मानिकपुर ब्लॉक में संकुल ऊंचाडीह और उमरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत नीही में आने वाले विद्यालयों में अवकाश रहेगा। अन्य स्कूलों को अलर्ट मोड पर रखते हुए लगातार निगरानी करने को कहा गया है। पहाड़ी ब्लॉक में भी कुछ प्रभावित स्कूलों में अवकाश रहेगा। इनमें प्राथमिक विद्यालय लदेहटा, उच्च प्राथमिक विद्यालय हरीशन, प्राथमिक विद्यालय नन्ही का डेरा और प्राथमिक विद्यालय सुरवल गांव शामिल हैं। कुछ स्थानों पर साफ-सफाई के लिए स्टाफ को उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं, रामनगर ब्लॉक में स्थिति सामान्य बताई गई है। यहां किसी भी विद्यालय में अवकाश की आवश्यकता नहीं पाई गई है। इस ब्लॉक के सभी स्कूल शुक्रवार को सामान्य रूप से संचालित होंगे। प्रशासन ने प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को स्थानीय हालात पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे स्कूल से मिलने वाली ताजा सूचना के अनुसार ही बच्चों को विद्यालय भेजें।

