पलवल जिले की हथीन थाना पुलिस ने नकली सोना देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एसपी दीप्ति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुई कार्रवाई में आरोपी से 60 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी की पहचान मालुका गांव निवासी सद्दाम उर्फ जानी के रूप में हुई है। हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि साहिबाबाद जिला गाजियाबाद निवासी सुरेश कुमार ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि आरोपी ने खुद को कबाड़ी का काम करने वाला बताकर उससे जान-पहचान बढ़ाई। सस्ते दाम में सोना देने का दिया लालच फिर सस्ते दाम में सोना बेचने का लालच दिया। प्लान के तहत 20 सितंबर को शिकायतकर्ता को हथीन के रेस्ट हाउस बुलाया। सुरेश 3 लाख रुपए लेकर पहुंचा तो आरोपी ने रुपए लेकर बदले में नकली सोना थमा दिया और फरार हो गया। शिकायत पर हथीन थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सद्दाम को गिरफ्तार किया। पूछताछ के लिए कोर्ट से 2 दिन का रिमांड लिया गया। रिमांड के दौरान उसके हिस्से में आए 60 हजार रुपए बरामद किए गए। जिसके बाद आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया। एसपी दीप्ति गर्ग ने आमजन से अपील की है कि किसी अज्ञात के बहकावे या सस्ते सोने के लालच में न आएं। किसी भी वित्तीय लेन-देन से पहले पूरी जांच-परख करें। संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 पर सूचना दें।

