मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के ओरिएंटल कॉलेज में छात्र-युवा संवाद के दौरान पाकिस्तान का जिक्र करते हुए छात्रों से सवाल किया- क्या पाकिस्तान भारत में बम फोड़ने आ सकता है? छात्रों ने जवाब दिया- नहीं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जोरदार तालियां बजाइए। भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर राम मंदिर और देश की आर्थिक स्थिति तक के मुद्दों पर अपनी बात रखी। राम मंदिर से नए संसद भवन तक का जिक्र मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राम मंदिर के नाम पर दंगे होते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का पालन करते हुए राम मंदिर बना। उन्होंने नए संसद भवन के निर्माण और भारतीय पासपोर्ट के बढ़ते महत्व का भी उल्लेख किया। राहुल गांधी पर साधा निशाना मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के दो सीटों से चुनाव लड़ने का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि यदि वे एक सीट से हारते और दूसरी से जीतते हैं, तो जीती हुई सीट से इस्तीफा क्यों नहीं देते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केरल से चुनाव इसलिए लड़ते हैं, क्योंकि दिल्ली से हारने का डर है। यादव ने कहा कि केरल में जीतने पर चुनाव आयोग अच्छा और बंगाल में हारने पर खराब बताना गलत है। छात्रों से सवाल-जवाब के जरिए SIR पर रखी बात मुख्यमंत्री ने छात्रों से लोकतंत्र, मतदान और वोटर लिस्ट को लेकर सवाल किए। उन्होंने पूछा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश और सबसे युवा देश कौन-सा है। छात्रों ने जवाब दिया- भारत। मतदान के अधिकार पर बात करते हुए उन्होंने पूछा कि वोट देने का अधिकार किसे होना चाहिए और मतदाता अपने देश का होना चाहिए या विदेश का। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सरकार उन्हें हटाकर देश के युवाओं को अधिकार दे रही है, तो इसमें गलत क्या है। एक छात्रा से मुख्यमंत्री ने पूछा कि वोटर लिस्ट सही होनी चाहिए या नहीं और वोट देने वाला व्यक्ति जीवित होना चाहिए या मृत। छात्रा के जवाब के बाद उन्होंने कहा कि इसका मतलब वोटर लिस्ट सही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग घर-घर जाकर सूची की जांच कर रहा है, तो यह सही कदम है। राम मंदिर, संसद और भारत की वैश्विक स्थिति का जिक्र मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले राम मंदिर के नाम पर दंगे होते थे, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के पालन के साथ राम मंदिर बना। उन्होंने नए संसद भवन और भारतीय पासपोर्ट के बढ़ते महत्व का भी जिक्र किया। यादव ने कहा कि जब मोदी सरकार आई, तब भारत दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में 11वें स्थान पर था और अब चौथे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने युवाओं से 2047 तक भारत को पहले स्थान पर पहुंचाने में योगदान देने की अपील की। PSC और खिलाड़ियों की उपलब्धियां भी गिनाईं मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में पहली बार ऐसा होगा कि राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) की परीक्षा दो बार आयोजित की जाएगी। उन्होंने इसे प्रदेश के युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने की पहल बताया। खेल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण पदक जीते हैं, जबकि रजत और कांस्य पदक मिलाकर 11 पदक हासिल किए हैं। SIR पर भाजपा का अभियान भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस और विपक्ष के आरोपों के जवाब में चलाया जा रहा है। भाजपा का कहना है कि विपक्ष चुनाव प्रक्रिया और चुनाव आयोग को लेकर भ्रम फैला रहा है, जबकि कांग्रेस मतदाता सूची की पारदर्शिता पर सवाल उठा रही है। अभियान के तहत पार्टी विभिन्न शहरों में कार्यक्रम, पदयात्राएं और युवा संवाद आयोजित कर रही है।

