सीबीएसई की ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम प्रणाली को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पिछले दिनों झारखंड के रांची के रहने वाले एक छात्र सार्थक सिद्धांत ने अपने ब्लॉग के जरिए इस सिस्टम को लेकर एक बड़ी पड़ताल सामने रखी थी, जिसने शिक्षा विभाग की नींव हिलाकर रख दी है। अब इस पूरे मामले में कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी की एंट्री हुई है और उन्होंने सार्थक सिद्धांत व उनके दोस्त निसर्ग अधिकारी की जमकर तारीफ की है।
राहुल गांधी ने कहा कि सीबीएसई और कोएम्प्ट के बीच चल रही मिलीभगत का पर्दाफाश करके इन युवाओं ने कमाल कर दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश के युवा सिर्फ रील बनाते रहें और पकौड़े तलते रहें, लेकिन इन दोनों युवाओं ने सरकार से जरूरी सवाल भी उठाए और खुद उनके जवाब भी ढूंढ़ निकाले।
राहुल गांधी ने सार्थक से मुलाकात का वीडियो किया शेयर
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते सार्थक सिद्धांत के साथ हुई अपनी मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किया है। सार्थक, सीबीएसई की ओएसएम प्रक्रिया से प्रभावित छात्र हैं, जिन्होंने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए ओएसएम प्रक्रिया का टेंडर देने वाली वेंडर कंपनी के चयन में कथित अनियमितताओं और गड़बड़ी की तरफ इशारा किया है।
सार्थक 18 साल का है – पर सोच, साहस और सिद्धांत में किसी से कम नहीं।
उसने और उसके साथी निसर्ग ने वो कर दिखाया जो देश के बड़े मीडिया हाउस, खोजी पत्रकार नहीं कर पाए – CBSE और COEMPT की मिलीभगत को देश के सामने रख दिया।
मोदी जी चाहते हैं हमारे युवा reels बनाते रहें, पकौड़े तलते… pic.twitter.com/vjNNVItc2q
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 7, 2026
इसे भी पढ़ें: Wrestler Vinesh Phogat का डबल अटैक, Fake Voters से लेकर Gas की कीमतों पर सरकार को घेरा
देश के बड़े मीडिया हाउस जो न कर सके, वो बच्चों ने कर दिखाया
राहुल गांधी ने सार्थक की सराहना करते हुए कहा, “सार्थक की उम्र भले ही कम है, लेकिन अपनी सोच, साहस और सिद्धांतों में वह किसी से कम नहीं हैं। उसने और उसके साथी निसर्ग ने वो बड़ा काम कर दिखाया है जो देश के बड़े-बड़े मीडिया घराने और खोजी पत्रकार भी नहीं कर पाए। इन दोनों ने सीबीएसई और कोएम्प्ट के बीच के गठजोड़ को पूरी दुनिया के सामने लाकर रख दिया है।” राहुल गांधी ने आगे कहा कि देश का यह बच्चा सीबीआई से भी तेज निकला और नौजवानों की यह बड़ी जीत सही मायने में सरकार की करारी हार है।
इसे भी पढ़ें: Drugs Overdose या Dehydration? Mumbai के Music Event में मौत पर Police ने उठाया पर्दा
यही है भारत की असली युवा शक्ति
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “मोदी जी चाहते हैं कि हमारे युवा सिर्फ रील बनाने और पकौड़े तलने में बिजी रहें, वे सरकार से कोई सवाल न पूछें और अपनी आंखें बंद रखें। लेकिन इन बच्चों ने न सिर्फ सवाल पूछे, बल्कि उनके जवाब भी खोज निकाले।” उन्होंने कहा कि यही भारत की असली युवा शक्ति है, जो जिज्ञासु, जागरूक और पूरी तरह जानकार है। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि अब देश का भविष्य किसी भी तरह के बहकावे में आने वाला नहीं है।


