कानपुर के एक होटल में फंदे से लटका मिला कांग्रेस नेता के इंजीनियर बेटे का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

कानपुर के एक होटल में फंदे से लटका मिला कांग्रेस नेता के इंजीनियर बेटे का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

Kanpur News: कानपुर में किदवई नगर के साकेतनगर स्थित अमन पैराडाइज होटल के कमरे में शनिवार को एक युवक का शव लटका मिला है। शव की पहचान कांग्रेस नेता हाजी मोहम्मद फजल खान के बेटे मोहम्मद गयाश (32) के रूप में हुई है। गयाश ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। होटल के कमरे में उसका शव पंखे से लटका पाया गया है।

परिजनों का आरोप- हत्या करके शव लटकाया गया

घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं, गयाश के परिजनों ने आत्महत्या करने की बात से इनकार किया है। परिजनों का आरोप है कि बेटे की हत्या करके शव को फंदे से लटकाया गया है। परिजनों के अनुसार, गयाश दिल्ली की एक निजी कंपनी में इंजीनियर था और पिछले 6 महीने से वर्क फ्रॉम होम कर रहा था।

मृतक के परिजनों ने बताया कि गयाश शुक्रवार शाम को दोस्तों के साथ जाने और रात को घर नहीं लौटने की बात कहकर आया था। वह शुक्रवार की रात करीब 7:30 बजे एक महिला मित्र के साथ अमन पैराडाइज होटल पहुंचा था। होटल प्रबंधक सौरभ कुमार के अनुसार, महिला को छोड़ने के बाद गयाश वापस अपने कमरे में चला गया था और रात का खाना ऑनलाइन मंगवाया था।

मृतक के कमरे में मिली शराब और सिगरेट

शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे होटल कर्मचारी गयाश के कमरे पर पहुंचा। बार-बार आवाज देने के बावजूद गेट नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मास्टर चाबी से कमरा खोलकर देखा तो गयाश का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने बताया कि शव के पैर बेड से छू रहे थे, जिसे हत्या की आशंका जताते हुए उन्होंने संदेह व्यक्त किया।

कानपुर पुलिस ने दी जानकारी

किदवईनगर थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि कमरे से शराब की बोतल और सिगरेट का पैकेट बरामद हुआ है। होटल की DVR और CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। मृतक युवक की महिला मित्र से भी पूछताछ की जाएगी। परिजन अभी तक आत्महत्या की कोई वजह नहीं बता पाए हैं। पुलिस दोनों संभावनाओं आत्महत्या और हत्या पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *