जगतपुर और छारोडी के तालाबों में जल गुणवत्ता में सुधार, बदली तस्वीर

जगतपुर और छारोडी के तालाबों में जल गुणवत्ता में सुधार, बदली तस्वीर

Ahmedabad: मानसून से पहले शहर के जलाशयों को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने बड़ी पहल की है। उत्तर-पश्चिम जोन के चांदलोडिया वार्ड स्थित जगतपुर और छारोडी गांव के तालाबों में विशेष सफाई अभियान चलाकर जल गुणवत्ता में सुधार किया गया है। साथ ही जलीय जीवों के संरक्षण के लिए आधुनिक एरेटर और फव्वारे भी स्थापित किए गए हैं। इससे तालाबों में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ी है और उनका प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत हुआ है।

मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने दोनों तालाबों में फैली काई, बेल और जंगली वनस्पतियों को हटाकर जलाशयों की सफाई की। लंबे समय से जमा गंदगी हटने से पानी अधिक स्वच्छ दिखाई दे रहा है। साथ ही मछलियों, कछुओं और अन्य जलीय जीवों को पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए एरेटर और फाउंटेन लगाए गए हैं, जिससे उनके संरक्षण में मदद मिलेगी।

तालाब के आसपास बढ़ी हरियाली

जगतपुर तालाब परिसर में गार्डन विभाग ने हरियाली बढ़ाने के लिए आम्रवाटिका और उद्यान विकास के कार्य भी किए हैं। वहीं इंजीनियरिंग विभाग ने तालाब और आसपास की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने का काम पूरा किया है। दोनों तालाबों की सुंदरता में उल्लेखनीय निखार आया है। सुबह-शाम सैर और मनोरंजन के लिए आने वाले लोगों को भी साफ-सुथरा और आकर्षक वातावरण मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *