Bumper Arrival Of Garlic In Baran Mandi: बारां कृषि उपज मंडी में इन दिनों लहसुन की बंपर आवक देखने को मिल रही है। इसके चलते मंडी में किसानों को अपने माल की नीलामी करवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कृषि उपज मंडी स्थित लहसुन मंडी में प्रतिदिन करीब 10 हजार कट्टों की नीलामी होती है जो पिछले कुछ दिनों से जारी है। गत रविवार को लहसुन का माल मंडी में प्रवेश हुआ था और सुबह 10 बजे से लेकर रात 10 बजे तक निर्धारित छह सेड फुल हो गए थे। अब करीब डेढ़ सेड का माल नीलामी के लिए शेष है। इसी कारण शनिवार को नए माल के प्रवेश की उम्मीद जताई जा रही है।
नीलामी के बाद तुरंत उठाव करे
नीलामी खुले में नहीं हो पाती क्योंकि लहसुन को धूप और पानी से बचाना जरूरी होता है। इस कारण वर्तमान में निर्धारित सेड में ही नीलामी करवाई जा रही है। मंडी सचिव हरीमोहन बैरवा ने बताया कि किसानों के माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही सेड में नीलामी की व्यवस्था है। उन्होंने यह भी कहा कि माल को क्षमता अनुसार ही प्रवेश दिया जा रहा है। साथ ही व्यापारी वर्ग से अपील की गई है कि नीलामी के बाद माल का तुरंत उठाव करें ताकि नए माल के लिए सेड खाली रहें और प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
देशभर में पसंद आ रहा बारां का लहसुन, बनी हुई है बाहरी लेवाली: लहसुन व्यापार संघ के महामंत्री हरीश विजय ने बताया कि बारां जिले का लहसुन देश के विभिन्न प्रदेशों में उच्च मांग में है। विशेष रूप से बिहार, बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तमिलनाडु और उड़ीसा जैसे क्षेत्रों में बारां का लहसुन अपनी गुणवत्ता के कारण काफी पसंद किया जाता है। उन्होंने कहा कि मंडी में लगातार लहसुन की बंपर आवक और अच्छी गुणवत्ता के कारण व्यापारियों का यहां उत्साह बढ़ा हुआ है। मंडी में किसानों और व्यापारियों के बीच एक सकारात्मक माहौल बना हुआ है। लहसुन की निरंतर आपूर्ति और गुणवत्ता के कारण देश के कई राज्यों में बारां का लहसुन अपनी विशेष पहचान बना रहा है। ऐसे में जगह-जगह से यहां के लहसुन की डिमांड आ रही है। जिससे नीलामी का स्तर लगातार बढ़ रहा है।


