डॉक्टर ने नर्स के साथ दुष्कर्म किया, प्रेग्नेंट होने पर शादी का झांसा देकर धर्म बदलने का दबाव बनाया; आरोपी गिरफ्तार

डॉक्टर ने नर्स के साथ दुष्कर्म किया, प्रेग्नेंट होने पर शादी का झांसा देकर धर्म बदलने का दबाव बनाया; आरोपी गिरफ्तार

बिजनौर : धामपुर क्षेत्र के एक नर्सिंग होम में काम करने वाली नर्स के साथ नाइट ड्यूटी के दौरान अस्पताल के मालिक डॉक्टर द्वारा दुष्कर्म की शर्मनाक घटना सामने आई है। पीड़िता नर्स गर्भवती होने के बाद शादी का वादा करने वाले डॉक्टर के धर्मांतरण के दबाव से तंग आकर पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने मामले में डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता नहटौर गांव की निवासी हैं और धामपुर स्थित एक नर्सिंग होम में नर्स के रूप में कार्यरत हैं। उनके आरोप के अनुसार, तीन महीने पहले रात की ड्यूटी के दौरान अस्पताल के मालिक डॉ. फैजान (निवासी पीपलसाना) ने उन्हें अकेला पाकर दुष्कर्म किया। नर्स के विरोध करने पर आरोपी डॉक्टर ने उन्हें धमकी दी।

शादी की बात पर धर्म बदलने की कही बात 

दुष्कर्म के बाद नर्स गर्भवती हो गई। जब पीड़िता ने डॉक्टर से शादी की बात की तो डॉक्टर ने पहले धर्म बदलने की शर्त रख दी। नर्स ने धर्मांतरण से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद डॉक्टर ने शादी करने से मना कर दिया। 

पीड़िता ने 31 मई को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने डॉ. फैजान के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपी डॉक्टर को किया गया गिरफ्तार

धामपुर के सीओ अभय कुमार पांडेय ने बताया, ‘पीड़िता की शिकायत पर आरोपी चिकित्सक फैजान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर लगाए गए गैंगरेप और धर्मांतरण के दबाव वाले आरोपों की भी जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच चल रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’

पीड़िता ने सोशल मीडिया पर अपने साथ हुई घटना का ब्योरा साझा करते हुए गैंगरेप और धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है, जिससे मामले में सनसनी फैल गई है। इस घटना पर हिंदूवादी संगठनों ने भी नाराजगी जताई है। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और सभी आरोपों की पुष्टि के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि बिजनौर में एक क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर एक युवती रेप का आरोप लगाया। उसके बाद युवती ने कहा कि उसके साथ गैंगरेप हुआ। फिलहाल मामले में आरोपी फैजान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस युवती के बयान दर्ज करवा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *