Phalodi Accident: छुट्टी लेकर गांव जा रहे कांस्टेबल को तेज रफ्तार बस ने कुचला, अस्पताल में मौत

Phalodi Accident: छुट्टी लेकर गांव जा रहे कांस्टेबल को तेज रफ्तार बस ने कुचला, अस्पताल में मौत

फलोदी। फलोदी-नागौर राजमार्ग-19 पर शनिवार को चैनपुरा और पलीना के बीच स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार एक पुलिस कांस्टेबल को तेज रफ्तार बस ने चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को तुरंत फलोदी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान खारा निवासी कांस्टेबल रमेश विश्नोई के रूप में हुई है। वे पिछले 18 माह से भोजासर पुलिस थाने में कार्यरत थे।

यह वीडियो भी देखें

जानकारी के अनुसार कांस्टेबल रमेश विश्नोई अवकाश लेकर अपने गांव खारा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही भोजासर थानाधिकारी जमील खान मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू करवाई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे सहित पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शाम को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद जिला पुलिस लाइन में कांस्टेबल रमेश विश्नोई को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई।

गांव और पुलिस विभाग में शोक

बाद में उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव के लिए रवाना की गई। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार में तीन भाई हैं। इनमें एक भाई आरएसी में जेल प्रहरी के पद पर कार्यरत है, जबकि दूसरा भाई खेती करता है। कांस्टेबल की असामयिक मौत से गांव और पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है। थानाधिकारी ने परिजनों को ढांढस बंधाया। इससे पहले फलोदी-नागौर राजमार्ग पर एक अन्य सड़क हादसा भी हुआ। देणोक से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक पेट्रोल पंप के आगे एक एसयूवी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार में सवार दो युवक घायल हो गए।

वाहन क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसयूवी कार फलोदी से आऊ की ओर जा रही थी। देर रात कार सवार युवक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए रुके थे। तेल भरवाने के बाद जैसे ही वाहन वापस स्टेट हाईवे पर चढ़ा, चालक तेज गति के कारण नियंत्रण खो बैठा और कार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। बाद में निजी वाहन से दोनों घायलों को फलोदी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *