Banswara Road Accident : भाजपा नेता के बेटे व भतीजे की बाइक को कार ने मारी टक्कर, एक की हालात नाजुक, उदयपुर रेफर

Banswara Road Accident : भाजपा नेता के बेटे व भतीजे की बाइक को कार ने मारी टक्कर, एक की हालात नाजुक, उदयपुर रेफर

Banswara Road Accident : परतापुर-बांसवाड़ा मुख्य मार्ग पर वजवाना के पास दोपहर करीब 2 बजे एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों की पहचान भाजपा के निवर्तमान एसटी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री धर्मेंद्र राठौड़ के बेटे नरेश राठौड़ और भतीजे मीर के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क से दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार, नरेश राठौड़ की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि मीर के पैर में फ्रैक्चर है। दोनों युवकों के सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को उदयपुर रेफर कर दिया गया।

विद्युत लाइन गिरने से घर में दौड़ा करंट, सामान जला

आनंदपुरी में ग्राम पंचायत चोरड़ी में गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे 11 केवी विद्युत लाइन सिंगल लाइन पर गिर गई। इससे नानकलाल कटारा के घर में अचानक करंट फैल गया और पूरी बिजली लाइन प्रभावित हुई। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत लाइनमैन को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस हादसे में घर का अनाज, बिस्तर, पंखे सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

पीड़ित परिवार ने करीब 70 हजार रुपए के नुकसान का अनुमान बताया है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र से गुजर रही इस 11 केवी लाइन के कारण पहले भी कई बार नुकसान हो चुका है। विद्युत विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

स्कूल परिसर में शराब पार्टी कर रील बनाना पड़ा भारी

ओबरी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हिराता परिसर में शराब पार्टी करने, हुड़दंग मचाने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर आमजन में दहशत फैलाने के आरोप में वरदा थाना पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। जिसको लेकर पुलिस के अनुसार हिराता स्कूल परिसर में कुछ युवकों की ओर से सरेआम शराब पीने और अशांति फैलाने की शिकायतें मिल रही थीं। आरोपियों ने स्कूल में शराब पार्टी करते हुए रील (वीडियो) बनाकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर दी थी, जिससे ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश था।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के आदेशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींव सिंह व वृत्ताधिकारी वृत्त सागवाड़ा रूपसिंह के निर्देशन में वरदा थानाधिकारी रिजवान खान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने बुधवार को हिराता सीनियर स्कूल के पास दबिश देकर सरेआम शराब पीकर उत्पात मचाने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में तिलक पुत्र जीवतराम रोत निवासी लोलकपुर, सुनील पुत्र जीवा रोत, निलेश पुत्र मणीलाल रोत तथा दिनेश पुत्र फुलशंकर रोत निवासी हिराता को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *