Banswara murder case : बांसवाड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र के नबीपुरा इलाके में गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच जमीन को लेकर चल रहा विवाद खूनी घटना में बदल गया। गुस्से में पति ने पत्नी के सिर पर लोहे के सरिए से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी । पड़ोसी ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका इतरी मईड़ा के नाम उसके पीहर पक्ष की एक बीघा जमीन थी। यह जमीन उसके पिता रूपजी ने शादी के समय उसे गिफ्ट में दी थी। आरोपी पति सूरज मईड़ा काफी समय से उस जमीन को अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई। गुस्से में आए सूरज ने लोहे के सरिए से इतरी के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी।
पुलिस हिरासत में पति
घटना के बाद आरोपी पत्नी को घायल हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। पड़ोसी गौतम मईड़ा ने महिला को खून से लथपथ हालत में देखा तो तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिशनोई बताया कि देर शाम फरार सूरज को डिटेन कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
मजदूरी करता है सूरज
जानकारी के अनुसार सूरज की शादी करीब 18 साल पहले इतरी से हुई थी। दंपती के तीन बेटे हैं। सूरज रंगाई-पुताई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था । उसके साथ परिवार का कोई अन्य सदस्य नहीं रहता था । घर में सिर्फ पति-पत्नी और उनके तीन बेटे रहते थे। इस घटना के बाद बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया, जबकि पिता पुलिस हिरासत में है।


