बिहार विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बुधवार को पटना में चर्चित और विवादों में रहे ठेकेदार रिशु श्री के ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में हीरे, सोने और चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। इसके अलावा ठेकेदार के घर से नोटों के बंडल भी बरामद हुए हैं।
रिशु श्री के खिलाफ दर्ज गंभीर मामले के बाद विशेष निगरानी इकाई ने यह कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, ठेकेदार पर सरकारी टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी कर अपनी कंपनी को गलत तरीके से बड़ा मुनाफा पहुंचाने का आरोप है। इससे सरकार को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात कही जा रही है।
घर से भारी जेवरात और नकदी बरामद
ठेकेदार रिशु श्री के खिलाफ पिछले वर्ष 30 अप्रैल को विशेष निगरानी इकाई (SVU) में मामला दर्ज किया गया था। लगभग एक माह बाद जांच पूरी होने के बाद SVU की टीम ने पटना के मीठापुर स्थित उनके आवास पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान जब टीम सुबह-सुबह पहुंची तो इलाके में हड़कंप मच गया। अब तक की कार्रवाई में भारी मात्रा में हीरे, सोने और चांदी के कीमती जेवरात तथा नोटों के बंडल बरामद किए गए हैं।
मौके से मिले दस्तावेजों से संकेत मिलता है कि सरकारी टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी कर उनकी कंपनी को फर्जी तरीके से भारी मुनाफा पहुंचाया गया, जिससे सरकार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल SVU की टीम बरामद नकदी और आभूषणों का मिलान और जांच कर रही है।


